विशंभरपुर थाना क्षेत्र के विनोद मटिहिनिया गांव में दहेज में तय रकम नहीं मिलने पर एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार की सुबह गांव के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान विनोद मटिहिनिया गांव निवासी अमित चौबे की 28 वर्षीय पत्नी अंशु देवी के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतका के चेहरे, सिर और गले पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के पति अमित चौबे समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका के पिता कौशल किशोर तिवारी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। हालांकि समाचार भेजे जाने तक थाने में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था।
विशंभरपुर थानाध्यक्ष मुकेंद्र कुमार ने बताया कि एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपने स्तर से भी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
