प्रसिद्ध शक्ति पीठ थावे दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश से आए एक श्रद्धालु ने मां दुर्गा को चांदी के आभूषण अर्पित किए। चांदी का मुकुट, हार और झुमका अर्पित किए जाने से मंदिर परिसर में भक्तिभाव का माहौल बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के भंडारी गांव निवासी विष्णु कुमार उपाध्याय अपने परिवार के साथ थावे मां भवानी की पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। विधिवत पूजा के उपरांत उन्होंने मां दुर्गा को लगभग 500 ग्राम वजन का चांदी का मुकुट, हार एवं झुमका अर्पित किया।

श्रद्धालु विष्णु कुमार उपाध्याय ने बताया कि मां दुर्गा की कृपा से परिवार में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहे, इसी कामना के साथ उन्होंने यह भेंट मां के चरणों में अर्पित की है।

पूजा-अर्चना के बाद चढ़ाए गए सभी चांदी के आभूषण मंदिर की परंपरा के अनुसार विधिवत रूप से मंदिर न्यास समिति को सौंप दिए गए। इस अवसर पर मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक अमरेंद्र दुबे, एएसआई पवन कुमार सहित मंदिर के पुजारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।