गोपालगंज:
जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरखूआ चीनी मिल के समीप शुक्रवार की तड़के गन्ना लदे ट्रैक्टर को साइड करने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान कुछ युवकों ने उत्तर प्रदेश से गन्ना लेकर आए किसान और चालक सहित तीन लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के गौरी बाजार गांव निवासी किसान कुंदन सिंह, पवन विश्वकर्मा तथा थावे थाना क्षेत्र के कविलासपुर गांव निवासी चालक पप्पू यादव के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि हरखूआ चीनी मिल के पास पहले से चले आ रहे विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक ही पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का कहना है कि आरोपियों ने जबरन गन्ना लदे ट्रैक्टर को साइड करने को कहा था। ट्रैक्टर पर अधिक लोड होने के कारण चालक धीरे-धीरे वाहन चला रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर लिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
