गोपालगंज:पुलिस अधीक्षक गोपालगंज द्वारा मांझागढ़ थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अंचल निरीक्षक सिधवलिया भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में थाना में पदस्थापित थानाध्यक्ष सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों एवं चौकीदारों को नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग (Citizen Centric Policing) अपनाने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना के सभी अभिलेखों एवं पंजीयों की गहन जांच की। इस दौरान अभिलेखों के संधारण में पाई गई त्रुटियों को शीघ्र सुधारने, लंबित कांडों की समीक्षा कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा थाना परिसर एवं कार्यालय में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान वहां प्रतिनियुक्त महिला पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को महिला परिवादियों के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु विधिसम्मत एवं संवेदनशील कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा स्पीडी ट्रायल के लिए उपयुक्त कांडों के चयन, दागियों की नियमित जांच तथा पांच वर्ष से अधिक पुराने गंभीर मामलों का निष्पादन थानाध्यक्ष द्वारा स्वयं निगरानी में कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आम जनता से बेहतर व्यवहार और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान जिला पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।