थावे (गोपालगंज) :
थावे दुर्गा मंदिर में हुई आभूषण चोरी कांड से जुड़े दूसरे आरोपी के साथ मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थावे पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। शनिवार अहले सुबह रिखई टोला गांव के समीप पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के बाएं पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया था।

घटना के बाद किसी भी तरह की अफवाह और अशांति की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देश पर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया। यह फ्लैग मार्च थावे दुर्गा मंदिर परिसर, गजाधर टोला, चितु टोला, रिखई टोला सहित आसपास के अन्य गांवों में निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारी एवं जवान पैदल गश्त करते हुए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते नजर आए। पुलिस ने साफ शब्दों में असामाजिक तत्वों को संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मार्च के दौरान प्रशिक्षु एसआई अवधेश कुमार एवं एएसआई नीरज कुमार पांडेय भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि थावे मंदिर चोरी कांड से जुड़े सभी मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में पूरी तरह शांति बनाए रखी जाएगी।