गोपालगंज:
जिले के सदर अस्पताल गोपालगंज के दवा काउंटर पर मंगलवार को चोरी की घटना सामने आई। दवा लेने के लिए कतार में खड़े एक युवक की जेब से अज्ञात चोरों ने 7,600 रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महारानी गांव निवासी बुलेट राम अपनी पत्नी काजल देवी का इलाज कराने सदर अस्पताल आए थे। उपचार के बाद वह दवा काउंटर पर दवा लेने के लिए लाइन में खड़े थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर उनके पाकेट से नकदी चोरी कर ली।
चोरी की जानकारी होते ही पीड़ित युवक ने सदर अस्पताल में तैनात सुरक्षागार्ड को इसकी सूचना दी और पैसे बरामद कराने की गुहार लगाई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी सतर्क हो गई है और घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
अस्पताल परिसर में लगातार बढ़ रही भीड़ के बीच इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

