गोपालगंज: जिले के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में नववर्ष के अवसर पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बुधवार को सारण डीआईजी निलेश कुमार ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया।
डीआईजी ने मंदिर के चारों ओर स्थित रहशू मंदिर, जंगल क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने नववर्ष और पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों व जवानों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मंदिर परिसर में शांति व व्यवस्था बनी रहे। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरों और गश्ती दल के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। इस मौके पर सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

