सिधवलिया (गोपालगंज)। सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेयां गांव स्थित बरहिमा–सलेमपुर पथ पर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक बाइक सवार ठेकेदार की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार घायल अवस्था में मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, सिधवलिया थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी मनोरंजन श्रीवास्तव के 35 वर्षीय पुत्र ठेकेदार राहुल रंजन श्रीवास्तव उर्फ जीतू श्रीवास्तव बरहिमा बाजार से सामान खरीदकर बाइक से अपने घर हसनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान सलेमपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में जीतू श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन में उन्हें सिधवलिया पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दूसरा बाइक सवार घायल होने के बावजूद मौके से फरार होने में सफल रहा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया है।
ठेकेदार की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक के पिता मनोरंजन श्रीवास्तव, मां नीता देवी, छोटे भाई रविशंकर श्रीवास्तव, पत्नी साक्षी प्रिया और दो वर्षीय पुत्री मुन्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
