कुचायकोट (गोपालगंज)। थाना क्षेत्र के मौजे खजूरी गांव में गुरुवार की शाम पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। अचानक हुई घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, खजूरी गांव के दो परिवारों के बीच लंबे समय से भूमि सहित अन्य मामलों को लेकर विवाद चला आ रहा था। गुरुवार की शाम किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया।
इस घटना में गिरिजा देवी, रागिनी कुमारी, सत्येंद्र प्रसाद, दुर्जन प्रसाद, लक्ष्मण भगत, रामचंद्र भगत, राजकुमार कुशवाहा, रोहित कुमार और नीतीश कुमार सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान रागिनी कुमारी समेत दो घायलों की स्थिति नाजुक पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
