जिला कारागार में निरुद्ध पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर एक बार फिर शुक्रवार को पेशी के दौरान न्यायालय में उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने बताया कि वह अपनी मांगों को लेकर कल से जेल में आमरण अनशन पर हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, अनशन समाप्त नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि जेल अधीक्षक के माध्यम से उन्होंने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर सीसीटीवी फुटेज की मांग की है, जिसमें शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन से उनकी गिरफ्तारी, कोतवाली में बैठाए जाने से संबंधित सीसी फुटेज तथा सीडीआर शामिल हैं। उनका आरोप है कि यह सामग्री जानबूझकर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, ताकि पुलिस कर्मियों को बचाया जा सके।
पूर्व आईपीएस ने स्पष्ट कहा कि वह इस मामले में चुप बैठने वाले नहीं हैं और न्याय मिलने तक जेल से ही संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जेल में उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जा रहा है और पुलिस कर्मियों का रवैया लगातार अनुचित है। इस संबंध में उन्होंने न्यायालय में भी शिकायत दर्ज कराई है।

