देवरिया:
जनपद में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। रविवार को अचानक आए बदलाव के चलते ठंड का असर और तेज हो गया। शाम होते ही बारिश जैसी ओस की बूंदें गिरने लगीं, जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई और ठिठुरन महसूस की गई। सुबह से चल रही ठंडी हवाओं के कारण पूरे दिन गलन बनी रही।
मौसम के प्रभाव से तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। जिले का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दो दिन पहले अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन अचानक बदले मौसम ने ठंड बढ़ा दी।
ठंड के चलते सड़कों और बाजारों में लोग ऊनी कपड़ों में लिपटे नजर आए। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अधिक परेशानी हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव जलाए गए, जबकि शहर में चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ी। मौसम जानकारों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी।

