गोपालगंज:
कुचायकोट थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा महुआ टोला गांव में शनिवार को जमीन पर जबरन कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका उपचार चल रहा है।
एक पक्ष से घायल लोगों में बेचू पंडित की पत्नी सरिता देवी, चंदेश्वर पंडित की बेटी संगीता कुमारी और बिंदु देवी शामिल हैं। घायलों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला किया। वहीं दूसरे पक्ष से राजदेव पंडित के बेटे मुन्ना पंडित, भगिना केशव पंडित और उनकी मां सुनैना देवी घायल हुई हैं। उनका कहना है कि वे अपने खेत में बुवाई कर रहे थे, तभी पहले पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया।
घटना के बाद सभी घायलों को पहले कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। मामले की सूचना दोनों पक्षों ने कुचायकोट थाना पुलिस को दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

