देवरिया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आलेख्य नामावली की प्रतियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई हैं। इसके साथ ही आम नागरिकों के अवलोकन के लिए यह नामावली जनपद के सभी बीएलओ, ईआरओ कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि आलेख्य नामावली के अवलोकन के बाद यदि किसी प्रविष्टि में त्रुटि पाई जाती है या किसी नए मतदाता का नाम जोड़ा जाना है, तो आयोग द्वारा निर्धारित प्रपत्रों पर 06 फरवरी 2026 तक संबंधित बीएलओ अथवा ईआरओ कार्यालय में दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते नामावली की जांच कर आवश्यक सुधार कराएं।