गोपालगंज जिले के मांझा प्रखंड अंतर्गत धनखड़ गांव में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम के साथ उप विकास आयुक्त निशांत कुमार विवेक, स्थानीय विधायक मंजीत कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थल पर उपलब्ध भूमि, पहुंच पथ, बिजली व्यवस्था समेत बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
डीएम ने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़ा विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जाए। साथ ही भूमि से संबंधित कागजात, नक्शा, उपलब्ध संसाधन और आवश्यक बुनियादी ढांचे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
इस दौरान बीडीओ विनित कुमार, सीओ मुन्ना कुमार, प्रखंड राजस्व पदाधिकारी गोपाल गिरधारी, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि संजीत कुमार चौबे, स्थानीय मुखिया पति बुचचू भाई, जदयू नेता डॉक्टर योगेश प्रसाद पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा गया और लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताया।
