गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसेहरी स्थित डीएस पब्लिक स्कूल को बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE से औपचारिक संबद्धता प्राप्त हो गई। जैसे ही विद्यालय को सीबीएसई से मान्यता मिलने की सूचना सामने आई, स्कूल परिसर में खुशी का माहौल बन गया।
उल्लेखनीय है कि डीएस पब्लिक स्कूल पिछले सात वर्षों से क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रहा है। विद्यालय में छात्रों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके लिए समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, भाषण, गीत-संगीत सहित विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है।
आधुनिक शिक्षा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स की भी पढ़ाई कराई जा रही है। सीबीएसई बोर्ड से संबद्धता मिलने पर विद्यालय की निदेशक रजू कुमारी, प्राचार्य रविंद्र दास सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस स्कूल को सीबीएसई से संबद्धता मिलने से ग्रामीण छात्रों के सपनों को नई दिशा मिलेगी। अब वे भी सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उनके भविष्य के अवसर और मजबूत होंगे।
