गोपालगंज। समाहरणालय परिसर स्थित सांसद कक्ष में गुरुवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विजयीपुर, हथुआ, बैकुंठपुर, उचकागांव, गोपालगंज, भोरे, फुलवरिया और कटेया प्रखंडों से बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

जनता दरबार में डा. आलोक कुमार सुमन ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना से इलाज, विदेश से संबंधित मामलों, सड़क निर्माण व मरम्मत, तथा एम्स और पीजीआई लखनऊ में इलाज के लिए रेफर कराने से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए।

सांसद ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों को दूरभाष एवं पत्र के माध्यम से आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने सांसद द्वारा समस्याएं सुने जाने और तुरंत पहल किए जाने पर संतोष व्यक्त किया।