गोपालगंज। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार, 8 जनवरी 2026 को समाहरणालय परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय सांसद आलोक कुमार सुमन एवं जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला सड़क सुरक्षा समिति पवन कुमार सिन्हा ने की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त कुमार निशांत विवेक, अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज अनिल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी शशि शेखरम सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने के लिए उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मियों ने सामूहिक रूप से सड़क सुरक्षा की प्रतिज्ञा ली।
प्रतिज्ञा के दौरान यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सांसद एवं जिलाधिकारी द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेगा।
सांसद ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनभागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया, वहीं जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
