गोपालगंज।
जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के माड़ीपुर–भोरे मुख्य पथ पर दो बाइकों की टक्कर में घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान गुरुवार को गोरखपुर में मौत हो गई। हादसे के सात दिन बाद ट्रक चालक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के पिपरासी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपत नगर गांव निवासी छेदी कुशवाहा के 43 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है।
मौत की सूचना मिलने के बाद फुलवरिया थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश ट्रक चालक थे। तीन जनवरी को वह किसी काम से ट्रक लेकर माड़ीपुर–भोरे मुख्य पथ पर पहुंचे थे। ट्रक खड़ा करने के बाद वह बाइक से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें पहले स्थानीय रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया था। वहां इलाज के दौरान सात दिन बाद उनकी मौत हो गई।
