गोपालगंज। जिले के हथुआ स्थित उप डाकघर परिसर में डाक विभाग की ओर से डाक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को डाक विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और घर-घर योजना के माध्यम से सरकारी सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की गई।
डाक चौपाल में अधिकारियों ने बताया कि डाकघर अब केवल पत्र व्यवहार का केंद्र नहीं रह गया है, बल्कि यह एक मल्टी-सर्विस सेंटर के रूप में कार्य कर रहा है। ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि डाक विभाग की घर-घर योजना के तहत बैंकिंग, बीमा और सरकारी सब्सिडी से जुड़ी सेवाएं सीधे उनके दरवाजे तक उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डाक अधीक्षक अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि डाक सेवा के माध्यम से आधार सेवाएं, सुकन्या समृद्धि योजना, बचत खाता, पीएलआई व आरपीएलआई, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और पोस्टल जीवन बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना है।
ग्रामीणों को बताया गया कि आधार के माध्यम से वे घर बैठे बैंक खाते से जमा व निकासी कर सकते हैं। साथ ही बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाने की अपील की गई। कम प्रीमियम में अधिक लाभ वाली जीवन बीमा योजनाओं, बच्चों के आधार नामांकन और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सेवाओं की भी जानकारी दी गई।
डाक विभाग के अधिकारियों ने डाकपालों और कर्मचारियों से प्रत्येक घर तक पहुंचने का आह्वान किया। डाक चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और मौके पर ही कई नए खाते भी खोले गए।
