गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दानापुर गांव के समीप एनएच-27 पर रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव निवासी चनर बैठा के 50 वर्षीय पुत्र मुन्नीलाल बैठा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक मुन्नीलाल बैठा शनिवार की देर शाम अपने गांव से ट्रैक्टर मालिक बुधन महतो के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लादकर गोपालगंज शहर स्थित हरखुआ चीनी मिल आ रहे थे। इसी दौरान जब वे मांझागढ़ थाना क्षेत्र के दानापुर गांव के पास एनएच-27 पर पहुंचे, तो चालक ने ट्रैक्टर सड़क किनारे रोक दिया और नीचे उतर गया।
बताया जाता है कि पेशाब करने के बाद जैसे ही मुन्नीलाल ट्रैक्टर पर चढ़ने लगा, उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक बुधन महतो घायल चालक को लेकर हरखुआ चीनी मिल पहुंचे और वहां से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर रविवार की दोपहर मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। शव को देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने गांव ले गए। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
