पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन द्वारा जनपद में अपराध एवं शराब तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना खामपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना खामपार पुलिस ने एक लग्जरी वाहन से 90 लीटर अवैध देशी शराब बरामद करते हुए चार अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।

थाना खामपार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छपिया मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन को रोका। जांच में वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी पाई गई। वाहन से 10 पेटी देशी शराब (बंटी बबली, प्रत्येक 200 एमएल) कुल 90 लीटर बरामद की गई। साथ ही एक जोड़ी असली नंबर प्लेट भी बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शैलेन्द्र कुमार यादव उर्फ परवेन्द्र कुमार एवं गुड्डू यादव उर्फ राहुल यादव निवासी सिवान (बिहार), विशाल कुमार शाह एवं दीपक कुमार निवासी गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शैलेन्द्र यादव एवं गुड्डू यादव शातिर अंतरराज्यीय शराब तस्कर हैं, जिनके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

थाना खामपार पुलिस द्वारा बरामद शराब एवं वाहन को कब्जे में लेकर मु0अ0सं0 009/2026 धारा 341(2) बीएनएस एवं धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 24 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तारी में थाना खामपार पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।