खुखुंदू थाना क्षेत्र के दुबौली गांव में पारिवारिक विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार की रात पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। घायल महिला को बुधवार की सुबह उसके माता-पिता मायके ले आए, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता के माता-पिता ने थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
खुखुंदू गांव निवासी रामसरीखा ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रेमशीला की शादी दुबौली गांव निवासी एक युवक से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। दो दिन पहले सोमवार को प्रेमशीला की सास और देवरानी ने भी उसकी पिटाई की थी।
मंगलवार की रात पति ने विवाद के दौरान प्रेमशीला के साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान दंपति की पुत्री साक्षी अपनी मां को बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती रही। बुधवार की सुबह बच्ची ने छिपकर मोबाइल फोन से अपने नाना-नानी को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और घायल बेटी को अपने साथ मायके ले गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष खुखुंदू दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। दोनों को थाने बुलाया गया है। यदि पीड़िता द्वारा कार्रवाई की मांग की जाती है तो केस दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
