गोपालगंज: शहर के जंगलिया मोहल्ले में बुधवार को बच्चों के विवाद ने उग्र रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और फरसा से हमला कर दिया, जिससे कुल सात लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को आसपास के लोगों की मदद से सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, धूप निकलने के बाद मोहल्ले के बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बच्चों के झगड़े के बाद मामला शांत होने के बजाय बढ़ गया और दोनों पक्षों के बड़े लोग भी आपस में उलझ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और लाठी-डंडे व फरसा चलने लगे।
इस घटना में एक पक्ष से तबरेज आलम, इरशाद अली, नौशाद अली, अंसार अली और फूल साहिमा खातून घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से असलम अली और एजाज अली को गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
