बरौली (गोपालगंज): बरौली नगर के सिसई वार्ड में बुधवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। समय रहते स्वजनों की सतर्कता से युवक की जान बच गई। घटना के बाद उसे इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ।
जानकारी के अनुसार, सिसई वार्ड निवासी स्वर्गीय राघव साह का 18 वर्षीय पुत्र विजय शंकर किसी बात को लेकर अपनी मां से नाराज था। इसी बीच उसने घर की छत की कड़ी से रस्सी का फंदा बनाकर गले में डाल लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों ने आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी बरौली में इलाज के दौरान युवक को होश आ गया, लेकिन गर्दन में गंभीर जख्म पाए जाने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर बताते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
