देसही देवरिया के सेमरहा गांव में बुधवार देर शाम एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने की बात कही है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तरकुलवा थाना क्षेत्र के पिपरहियां गांव निवासी लालबिहारी चौहान ने करीब दस वर्ष पहले अपनी बेटी संजू (28) की शादी महुआडीह थाना क्षेत्र के चिउरहा गांव के सेमरहा टोला निवासी अमर चौहान से की थी। संजू के दो छोटे बच्चे भी हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार की देर शाम संजू ने घर पर ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया ले गए, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने एसपीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही संजू की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग सेमरहा पहुंचे। पिता लालबिहारी चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर दामाद अमर चौहान पर बेटी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुरुवार को पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद से मृतका के दोनों बच्चों समेत पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।