अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जनवरी 2026 को जनपद के सभी बूथों पर मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन किया जाएगा। साथ ही गणना अवधि में अप्राप्य श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं, अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का भी वाचन होगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपने नाम का अवलोकन अवश्य कर लें। उन्होंने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अवधि के दौरान ऐसे पात्र नागरिक, जिनकी आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है या जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

इसके अलावा नाम अपमार्जन के लिए फार्म-7, नाम, आयु, लिंग, फोटो अथवा स्थान परिवर्तन में संशोधन के लिए फार्म-8 तथा एनआरआई मतदाताओं के लिए फार्म-6ए का प्रयोग किया जाएगा। सभी संबंधित फार्म बीएलओ के पास उपलब्ध रहेंगे।