गोपालगंज। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और जिले के प्रमुख व संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से होटल, लॉज, धर्मशाला और रेलवे स्टेशन पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
पुलिस टीमें एक-एक होटल में ठहरे लोगों की पहचान और उनके दस्तावेजों की जांच कर रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। इस अभियान में बरौली थाना के साथ-साथ नगर थाना की पुलिस भी सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सभी होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना पहचान पत्र किसी को भी ठहराने की अनुमति न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह सुरक्षा अभियान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम संपन्न होने तक लगातार जारी रहेगा। साथ ही जिलेवासियों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।
