गोपालगंज। जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया गांव के समीप आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे से किए गए हमले में एक दंपती सहित तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जमुनिया गांव निवासी किशोर कुमार राम का अपने पड़ोसियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पड़ोस के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर किशोर कुमार राम, नरेश राम और उनकी पत्नी सनीचरी देवी को घायल कर दिया। घायलों का कहना है कि उनके बीच पहले से भूमि विवाद चल रहा है, जिसको लेकर यह घटना हुई।
मारपीट की घटना के बाद रविवार को सभी घायलों को कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
