गोपालगंज।
जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगवा गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में पलंग पर महिला का शव मिला। सूचना मिलते ही सिधवलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान शहीद आलम की पत्नी नइमा खातून के रूप में हुई है।

मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच हत्या और आत्महत्या, दोनों बिंदुओं पर कर रही है।

मृतका की मां नजमुन खातून, जो सिधवलिया थाना क्षेत्र के शाहपुर विशनपुरा गांव निवासी मुबारक मियां की पत्नी हैं, ने बताया कि उनकी बेटी की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था और पति विदेश में रहकर काम करता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को ही उनकी बेटी मायके से ससुराल गई थी। आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही उसकी दो गोतनियों और उनके बच्चों सहित अन्य लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। इस संबंध में बेटी ने फोन कर मां को जानकारी दी थी और बातचीत के दौरान शोर-शराबे की आवाज भी आ रही थी।

मां के अनुसार, बाद में बेटी ने खाना खाकर सोने की बात कहकर फोन काट दिया। मंगलवार सुबह गोतनी के बेटे ने फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि नइमा खातून पलंग पर मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस का कहना है कि जहर खाने से मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतका का मोबाइल भी बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।