गोपालगंज।
वेंडर दिवस के अवसर पर गोपालगंज के फुटपाथ दुकानदारों ने विभिन्न मांगों को लेकर समाहरणालय गेट पर एक दिवसीय धरना दिया। धरना कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व पार्षद सह गोपालगंज शहर स्तरीय फुटपाथ विक्रेता संघ के अध्यक्ष ने किया।
धरने के दौरान फुटपाथ दुकानदारों ने अपनी समस्याओं के समाधान और अधिकारों की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि नगर क्षेत्र में फुटपाथी दुकानदारों को लगातार परेशान किया जा रहा है, जबकि वेंडिंग जोन, पहचान पत्र और पुनर्वास जैसी मूलभूत सुविधाएं अब तक पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि दुकानदारों को नियमानुसार वेंडिंग जोन उपलब्ध कराया जाए और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के किसी भी दुकानदार को हटाया न जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना कार्यक्रम में संघ के उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, सचिव बबीता देवी, अधिवक्ता सचिन सिंह, भोला प्रसाद, अरुण कुमार सहित दर्जनों फुटपाथी दुकानदार उपस्थित रहे।
