मांझागढ़ (गोपालगंज)। शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मांझागढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 लीटर देशी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सरया मोड़ के समीप की गई। गिरफ्तार तस्कर को पूछताछ के बाद उत्पाद अधिनियम के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर जिले में शराब के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मांझागढ़ थाना प्रभारी राजीव रंजन सिंह को गुप्त सूचना मिली कि एक तस्कर इलाके में शराब की सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ सरया मोड़ के पास घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को मौके से 70 लीटर देशी शराब के साथ धर दबोचा। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के कोइरीगवां गांव निवासी बिगु मांझी के पुत्र वीरेश कुमार के रूप में की गई है।
मांझागढ़ थाना पुलिस ने मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

