गोपालगंज। सरस्वती पूजा के दौरान डीजे बजाने के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र के काकड़पुर गांव से डीजे जब्त किया है। पूजा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की सूचना मिलने पर शुक्रवार को नगर थाना पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और डीजे को जब्त कर नगर थाना ले आई।
बताया गया कि सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि पूजा के दौरान डीजे और अश्लील गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके बावजूद काकड़पुर गांव में नियमों की अनदेखी करते हुए डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीजे बंद कराया और उसे जब्त कर लिया।
नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि पूजा व त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक द्वारा पहले ही सभी पूजा समितियों और आम नागरिकों से डीजे और आपत्तिजनक गानों का प्रयोग न करने की अपील की गई थी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि जब्त किए गए डीजे को लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूजा के दौरान पुलिस की निगरानी आगे भी जारी रहेगी और किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

