गोपालगंज। जिले के व्यवहार न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कथित अधिवक्ता द्वारा एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि महिला का बाल पकड़कर उसे घसीटा गया और पिटाई की गई। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़िता रेनू देवी, पत्नी सुरेंद्र प्रसाद, मांझागढ़ थाना क्षेत्र की निवासी हैं। बताया जा रहा है कि वह अपने केस की फाइल मांगने कोर्ट पहुंची थीं, इसी दौरान कथित अधिवक्ता रमन श्रीवास्तव ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार मिश्रा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसा कृत्य शर्मनाक है और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

