बैकुंठपुर (गोपालगंज)। दिघवा दुबौली स्टेट बैंक से ढाई लाख रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे ग्राहक से झपट्टा मारकर लूट का प्रयास किया गया। घटना मंगलवार दोपहर पूर्वी रेलवे फाटक के पास हुई।

मडवां गांव निवासी दिनेश सिंह बैंक से पैसे निकालकर जैसे ही सड़क पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाश उनके पीछे लग गए। रेलवे फाटक के पास एक आरोपी ने रुपये से भरी थैली झपट ली और भागने लगा। दिनेश सिंह के शोर मचाने पर ग्रामीणों और दुकानदारों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पकड़े गए युवक की लोगों ने धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।

थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और फरार साथी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस को शक है कि यह वारदात कोढ़ा गैंग से जुड़ी हो सकती है।