गोपालगंज। शहर के एस.एस. बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला, जब इंटरमीडिएट परीक्षा में कुछ मिनट की देरी से पहुंचीं दर्जनों छात्राओं को अंदर जाने से रोक दिया गया। केंद्र पर तैनात दंडाधिकारी ने बोर्ड के नियमों का हवाला देते हुए निर्धारित समय के बाद पहुंची छात्राओं को प्रवेश की अनुमति नहीं दी।

गेट पर रोकी गई छात्राएं फूट-फूट कर रोती रहीं और परीक्षा में बैठने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन नियमों के आगे उनकी एक न चली। छात्राओं का कहना था कि वे समय पर निकली थीं, लेकिन रास्ते में परेशानी के कारण थोड़ी देर हो गई। इसके बावजूद उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।

मामले पर सदर एसडीओ अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि बोर्ड के निर्देशों के अनुसार परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जा सकता। घटना के बाद केंद्र पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और अभिभावकों में नाराजगी देखी गई।