गोपालगंज। बरौली थाना क्षेत्र के सलोना गांव के समीप एनएच-27 पर मंगलवार को तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात बस ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, देवापुर उपाध्याय टोला निवासी प्रेम उपाध्याय के पुत्र अंकुश कुमार अपनी बहन के घर खजुरिया गांव में तिलक समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। सलोना गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद डायल 112 की टीम ने उन्हें तत्काल बरौली सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई और सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि अंकुश के पिता की पहले ही एक हादसे में मौत हो चुकी थी और वह अपनी मां, बहन और दादा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पुलिस फरार बस चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है।
