गोपालगंज शहर में बढ़ती यातायात समस्या और सड़क जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यह अभियान आंबेडकर चौक से लेकर अस्पताल चौक तक संचालित किया गया, जहां सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान करीब 70 बाइक और कई चारपहिया वाहनों से अवैध पार्किंग के तहत जुर्माना वसूला गया।
नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और यातायात थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस बल ने सड़क के दोनों किनारों पर खड़े वाहनों को हटवाया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम लोगों के साथ-साथ मरीजों और एंबुलेंस को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
आंबेडकर चौक पर अवैध रूप से खड़ी बसों पर भी कार्रवाई की गई और उन्हें तत्काल सड़क से हटवाया गया। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बसें केवल निर्धारित स्थलों पर ही खड़ी की जाएं, अन्यथा आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की गई। वहीं नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन बाद में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे नियमित रूप से जारी रखने की मांग की।
