गोपालगंज। जादोपुर थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव के पास पुलिस ने छापेमारी कर शराब से भरी एक कार जब्त की है। कार से कुल 366 लीटर अवैध शराब बरामद हुई है, जबकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, जादोपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी से शराब की बड़ी खेप कार में लाकर गोपालगंज लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बरईपट्टी गांव के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखकर तस्कर कार छोड़कर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस ने बरामद कार की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली। फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
