देवरिया।
22 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की भव्य सफलता सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन विभाग और दिव्यांग कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से प्री-मेगा कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में संभागीय परिवहन विभाग की ओर से 30 लाभार्थियों को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज (एसडी) श्रीमती शैलजा मिश्रा द्वारा परिवहन विभाग से संबंधित प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही दिव्यांग विभाग व अन्य विभागों द्वारा दिव्य कला प्रदर्शनी और विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन कर जरूरतमंदों को जानकारी और लाभ दिया गया।

इस अवसर पर न्यायाधीश श्रीमती शैलजा मिश्रा ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को न्याय व्यवस्था से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि न्याय की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और निःशुल्क विधिक सहायता व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि 22 फरवरी को होने वाला मेगा विधिक सहायता शिविर और अधिक व्यापक होगा, जिसमें विभिन्न विभागों के सहयोग से जरूरतमंदों को योजनाओं का सीधा लाभ दिया जाएगा।