गोपालगंज शहर के घोष मोड़ के समीप साइड देने में देरी होने से नाराज बुलेट सवार युवक ने इंटर के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने गए उसके दोस्त के साथ भी मारपीट की गई। घायल छात्र को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।शहर के घोष मोड़ के पास मंगलवार को मामूली बात पर हुई हिंसक घटना में होमगार्ड जवान के पुत्र को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना उस समय हुई जब छात्र अपने दोस्त के साथ साइकिल से किताब खरीदने जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के करवतही बाजार निवासी होमगार्ड जवान शमसुद्दीन अली सिद्दीकी का पुत्र यासर अली शहर में रहकर इंटर की पढ़ाई करता है। मंगलवार को वह अपने दोस्त ओम गिरी के साथ साइकिल से घोष मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए एक बुलेट सवार युवक ने हॉर्न बजाकर साइड मांगी। साइड देने में हल्की देरी होते ही आरोपी भड़क गया और यासर अली पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके हाथ में लगा, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

जब उसका दोस्त ओम गिरी बचाने आगे बढ़ा तो बुलेट सवार ने उसके साथ भी मारपीट की और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल छात्र का बयान दर्ज किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।