गोपालगंज जिले के जादोपुर दियारा क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 638 लीटर अवैध शराब बरामद की है। छापेमारी के दौरान चार बाइक जब्त की गईं और एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।जादोपुर थाना क्षेत्र के भैसही गांव के समीप मंगलवार को उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। सूचना मिली थी कि यूपी से गंडक नदी के रास्ते शराब की बड़ी खेप लाई गई है और उसे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया है।

सूचना की पुष्टि के बाद उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के निर्देश पर उत्पाद निरीक्षक जनार्धन प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान झाड़ियों से कुल 638 लीटर अवैध देसी और विदेशी शराब बरामद की गई। मौके पर शराब ढोने के लिए इस्तेमाल की जा रही चार बाइक भी जब्त कर ली गईं।

इस दौरान पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कई अन्य शराब तस्करों के नाम बताए और यह भी जानकारी दी कि शराब किस दुकान से खरीदी गई थी। उत्पाद विभाग इन सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रहा है।

गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कोर्ट में पेश कर दिया गया। विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।