गोपालगंज के वी.एम. खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता 2025-26 सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों ने सारण प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया।बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना, खेल विभाग बिहार सरकार और जिला प्रशासन गोपालगंज के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को वी.एम. खेल मैदान में जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे शुरू हुई, जिसमें अस्थि दिव्यांग, दृष्टिबाधित, बौद्धिक दिव्यांग, सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म और बहु-दिव्यांग वर्ग के सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन वरीय कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्या और दिव्यांग खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में श्री आर्या ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना, उन्हें उचित मंच देना और खेल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने इसे समाज में समावेशी बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जिला दिव्यांगजन अध्यक्ष त्रिलोकी ठाकुर ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी अपनी मेहनत और इच्छाशक्ति से राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं, इसलिए समाज को उनका समर्थन करना चाहिए।

प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। प्रमुख विजेताओं में 100 मीटर मूकबधिर बालक वर्ग में लक्की कुमार, 200 मीटर में अभय कुमार, 400 मीटर में आशुतोष कुमार सिंह, शॉटपुट में कौशर अली, जैवलिन में ऋषिकेश तथा बालिका वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में मधु कुमारी शामिल रहीं।

कार्यक्रम की सफलता में शारीरिक शिक्षक अशोक सिंह, मुरलीधर प्रसाद राय, बसंत कुमार, पिंटू कुमार राय, विनीत कुमार शर्मा, राजीव रंजन सिंह, विवेकानंद कुमार और प्रवीण कुमार शाही का विशेष योगदान रहा।