देवरिया।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखागार, आपदा, नजारत सहित विभिन्न शाखाओं और पटल कार्यालयों का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संयुक्त कार्यालय भवन के मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। अभिलेखागार निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुशीनगर जनपद से संबंधित अभिलेखों को संबंधित स्थान पर भेजने तथा पुराने बस्तों को बदलकर अभिलेखों को सुरक्षित रखने का आदेश दिया।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि 185 गांवों के नक्शे अभिलेखागार में उपलब्ध नहीं हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लेखपालों के माध्यम से इन नक्शों का संकलन कर सुरक्षित रखा जाए। साथ ही मुख्य राजस्व अधिकारी को एक माह बाद इसकी प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।
जलापूर्ति अधिकारी कार्यालय के सामने बिजली और इंटरनेट के तार अव्यवस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। जलापूर्ति अधिकारी की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को दो दिनों के भीतर तारों को व्यवस्थित कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों का उचित संधारण और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
