थावे (गोपालगंज)। प्रखंड की विदेशीटोला पंचायत अंतर्गत चितूटोला गांव स्थित श्री सोनेश्वर महादेव मंदिर से शुक्रवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में 1001 महिलाएं और कन्याएं शामिल हुईं। यात्रा के दौरान भक्त भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण “हर हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रहा।
कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर रिखईटोला, विदेशीटोला होते हुए थावे दुर्गा मंदिर गोलंबर चौक पहुंची, जहां से इटवा धाम तक गई। इटवा धाम में आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरा गया। इसके बाद यात्रा लछवार, चनावे, वृंदावन होते हुए पुनः थावे दुर्गा मंदिर गोलंबर चौक से चितूटोला महादेव मंदिर परिसर पहुंची, जहां भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डायल-112 और गश्ती वाहन की तैनाती की गई थी। आयोजन में अजय पांडेय, सरपंच विमलेश पांडेय, अवधनाथ साह, धर्म प्रसाद गुप्ता, मदन बारी, शत्रुघ्न प्रसाद, लालजी साह, आनंद गुप्ता, साहेब कुमार राम सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त मौजूद रहे।
