गोपालगंज। सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने नई दिल्ली में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव तथा आयुष मंत्रालय के सचिव से मुलाकात कर गोपालगंज जिले में राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित 50 बेड वाले आयुष चिकित्सालय के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की।
सांसद ने बताया कि इस संबंध में वे पूर्व में भी मंत्रालय जाकर पत्रों की प्रतिलिपियां सौंप चुके हैं। उन्होंने अवगत कराया कि चिकित्सालय निर्माण के लिए आवश्यक भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति जिला समाहर्ता द्वारा दी जा चुकी है। इसके साथ ही जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव राज्य आयुष समिति, बिहार को भेजा गया, जहां से सभी औपचारिकताएं पूरी कर राज्य सरकार ने प्रस्ताव आयुष मंत्रालय, भारत सरकार को अग्रसारित कर दिया है।
इन सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बावजूद निर्माण कार्य की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई न होने पर सांसद ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परियोजना में हो रहा विलंब जनहित के प्रतिकूल है और इससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में बाधा उत्पन्न हो रही है।
सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने कहा कि गोपालगंज और आसपास के क्षेत्रों की जनता को सुलभ, किफायती और समग्र आयुष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह चिकित्सालय अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मंत्रालय से शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया, ताकि लोगों को जल्द आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
