देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 13 फरवरी 2026 को प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। इस दौरान सभी थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्षों द्वारा आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

मार्निंग वॉकर अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जनता में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, छोटे-मोटे विवादों का मौके पर समाधान करना तथा मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा देना रहा। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई तथा विधिविरुद्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

अभियान के तहत चोरी की गाड़ियों की जांच, तीन सवारी के विरुद्ध कार्रवाई, मोडिफाइड साइलेंसर वाले दोपहिया वाहनों का चालान, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई, साथ ही अवैध असलहा एवं मादक पदार्थों की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने जनसामान्य को अभियान के उद्देश्य और बिंदुओं की जानकारी दी, जिस पर लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

जनपदीय पुलिस द्वारा कुल 16 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 314 व्यक्तियों और 177 वाहनों की जांच की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनपद में शांति, सुरक्षा और आमजन का विश्वास बना रहे।