गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ कथित छेड़खानी के मामले में अब तक पुलिस कार्रवाई नहीं होने से आहत पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिजनों ने विनय तिवारी, पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि पिछले वर्ष मई माह में गांव के ही एक 60 वर्षीय व्यक्ति पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए मांझागढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि उक्त व्यक्ति पूर्व में भी पॉक्सो एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद अब तक उनके आवेदन पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जबकि आरोपियों ने उल्टे पीड़ित परिवार पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए। इस क्रम में पीड़ित के बेटे और दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने का भी आरोप लगाया गया है।

परिजनों ने यह भी कहा कि आरोपी पक्ष लगातार धमकी दे रहा है और अलग-अलग लोगों से झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। धमकियों के कारण परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

वहीं इस मामले में राजेश कुमार, सदर एसडीपीओ-2, सिधवलिया ने बताया कि पीड़िता के आरोपों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।