spot_img
Monday, March 30, 2026
spot_img
Homeगोपालगंजगोपालगंज: शराब कांड में जेल भेजे गए विचाराधीन कैदी की तबियत बिगड़ी,...

गोपालगंज: शराब कांड में जेल भेजे गए विचाराधीन कैदी की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

-

गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत चनावे मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की तबियत अचानक बिगड़ गई। जेल प्रशासन द्वारा रविवार देर रात उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने कैदी को मृत घोषित कर दिया।

सोमवार की सुबह सदर एसडीओ की मौजूदगी में मेडिकल टीम का गठन कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान विशंभरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मुकुंद गांव निवासी दर्शन कुमार साह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 12 फरवरी को नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के पास उत्पाद विभाग की टीम शराब से लदी एक स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में चालक दर्शन कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उत्पाद विभाग की टीम ने उसे गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज की सलाह दी थी। बावजूद इसके, उत्पाद विभाग के अधिकारियों द्वारा उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

रविवार की रात जेल में अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। जेल में तैनात चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

कैदी की मौत की सूचना मिलने के बाद सोमवार की सुबह सदर एसडीओ अनिल कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। कैदी की मौत के बाद सदर एसडीओ द्वारा पांच चिकित्सकों की टीम गठित की गई। टीम में चिकित्सक एसके झा, एसके गुप्ता, सनाउल मुस्तफा, अविनाश पाण्डेय और आरके सिंह शामिल थे। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें। कैदी की मौत के बाद रविवार रात करीब 10 बजे शव सदर अस्पताल पहुंचा, लेकिन न तो तत्काल पोस्टमार्टम कराया गया और न ही परिजनों को समय पर सूचना दी गई। सोमवार सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई। इस देरी को लेकर मृतक के परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Related articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
spot_img

Latest posts