देवरिया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस देवरिया द्वारा सोमवार, 16 फरवरी 2026 को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में संचालित किया गया। अभियान के दौरान कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा वाहनों की गहन जांच की गई। वैध कागजात वाले ई-रिक्शा वाहनों पर नंबरिंग भी कराई गई।

इसके अलावा गोरखपुर रोड, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड एवं बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो चालकों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, तीन सवारी बैठाने वालों तथा स्टंट करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान एवं सीज की कार्रवाई की गई।

सोनूघाट और सलेमपुर रोड पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए चालान किया गया।

यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में कुल 128 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 10 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होता है, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है और वाहन चालकों को यह स्पष्ट संदेश जाता है कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।