गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत सुमेरी छापर गांव में सोमवार की देर शाम जमीन विवाद को लेकर एक अधेड़ के साथ मारपीट कर उसे अधमरा कर दिया गया। आरोपितों ने गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे खेत में फेंक दिया। घायल की पहचान शंभू यादव के रूप में हुई है।

घटना के बाद परिजनों ने शंभू यादव को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भोरे में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल शंभू यादव ने बताया कि उनके पड़ोसियों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद को लेकर सोमवार की देर शाम आरोपितों ने फोन कर उन्हें बुलाया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।

मारपीट में जब शंभू यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए, तो आरोपितों ने उन्हें पास के खेत में फेंक दिया। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने उन्हें खेत में पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। भोरे थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपितों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।